गौरीगंज (अमेठी)। आगामी नौ अगस्त को जिले के छह केंद्रों पर बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा नियंत्रक का पत्र मिलने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग ने केंद्रों को अंतिम रूप देने के बाद पर्यवेक्षक व मजिस्ट्रेट की तैनाती करते हुए प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया है।
पत्र में आवंटित परीक्षार्थी की संख्या के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग के तहत उनके बैठने व अन्य सुविधाओं का प्रबंध करते हुए नकल विहीन परीक्षा करवाने का निर्देश दिया गया है। पत्र में परीक्षा की सुचिता प्रभावित होने तथा परीक्षार्थियों को परेशानी होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कोविड-19 के दौरान आगामी नौ अगस्त को आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा में जिले के छह केंद्रों पर 1800 परीक्षार्थी शामिल होंगे। राज्य समन्वयक संयुक्त प्रवेश परीक्षा के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने राजकीय महिला पॉलीटेक्निक अमेठी, जीजीआईसी मुसाफिरखाना, आरआरपी कॉलेज ‘ए’, आरआरपी कॉलेज ‘बी’, इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज तथा एएच इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाते हुए पर्ववेक्षक व मजिस्ट्रेट की तैनाती करते हुए प्राचार्य को पत्र जारी किया है।
पत्र में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइजेशन का प्रबंध करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के अनुसार परीक्षार्थियों के बैठने का स्थान निर्धारित करने का निर्देश दिया गया है। डीआईओएस ने परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा व वाइस रिकॉर्डर की निगरानी में परीक्षा कराने का निर्देश देते हुए परीक्षा की सुचिता प्रभावित होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।