सिंहपुर (अमेठी)। अहोरवा भवानी मार्ग पर कार सवार बदमाशों ने सोमवार सुबह स्कूल जा रहे बड़नापुर गांव निवासी सातवीं कक्षा के छात्र हसन के अपहरण की कोशिश की। छात्र ने हिम्मत दिखाई और बदमाशों के चंगुल से बच निकलने में कामयाब रहा। छात्र के मुताबिक बदमाशों ने भगवा रंग के कपड़े पहन रखे थे।
इन्हौंना थाने के पास रहने वाले आदिल लतीफ बंटी ने बताया कि उनके परिचित बड़नापुर गांव निवासी मजीद का बेटा मो. हसन रोजाना साइकिल से शिवगढ़ स्थित निजी स्कूल में जाता है। सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह साइकिल से शेखा पीर मजार के पास पहुंचा था तभी कार पर सवार पांच से छह बदमाश हसन के पास रुके और उससे जगदीशपुर का रास्ता पूछने लगे। हसन ने स्कूल जाने में देर होने की बात कही तो एक युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया और मुंह दबाकर कार में खींचने का प्रयास किया।
इसी दौरान एक अन्य युवक ने कपड़े पर दवा डालकर उसे बेहोश करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसका मुंह दबा दिया गया। हसन ने साहस दिखाते हुए गाड़ी के गेट पर जोर से लात मारी और किसी तरह वहां से भाग निकला। हसन सीधे उनके पास पहुंचा और आपबीती बताई। वह छात्र को थाने ले गए और तहरीर दी।
थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन अब तक किसी संदिग्ध वाहन की पुष्टि नहीं हुई है। घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। तथ्यों की पुष्टि होने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।