अमेठी सिटी। गौरीगंज स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में दो दिवसीय संकुल स्तरीय एथलेटिक्स मीट का शुभारंभ एसडीएम गौरीगंज प्रीति तिवारी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागी खेल को खेल भावना से खेलें और अपने-अपने विद्यालय का नाम रोशन करें।
नवोदय विद्यालय समिति लखनऊ संभाग के वाराणसी बी संकुल के अंतर्गत अंबेडकरनगर, भदोही, चंदौली, जौनपुर, मीरजापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सोनभद्र, सुलतानपुर और अमेठी के जवाहर नवोदय विद्यालयों से 153 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें 82 लड़के और 71 लड़कियां शामिल हैं।
खेल प्रभारी जेके सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में लंबी कूद, ऊंची कूद, दौड़, बाधा दौड़, जेवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो जैसी स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
संचालन लक्ष्मी शंकर यादव ने किया। उप-प्राचार्य बीपी सिंह, विकास चंद्र श्रीवास्तव, आशीष कुमार गुप्त, दयाराम यादव, नगेंद्र कुमार मिश्र, मानसिंह पटेल, संदीप कुमार गुप्त और शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।