अमेठी सिटी। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा पेंशन बचाओ मंच के पदाधिकारियों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। एसडीएम के माध्यम से सरकार को भेजे ज्ञापन में कहा गया कि नई पेंशन योजना एनपीएस कर्मचारियों के हित में नहीं है और सेवानिवृत्त कर्मियों को 400 से 2800 रुपये तक की अल्प पेंशन मिल रही है, जिससे उनका और उनके परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो गया है।
अटेवा के जिलाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव, जिला महामंत्री अजय कुमार मौर्य के नेतृत्व में शिक्षक मंगलवार को गौरीगंज के जामों रोड पर एकत्र हुए। विरोध मार्च के दौरान नारेबाजी करते हुए वह तहसील परिसर में पहुंचे। कार्यकर्ता और सदस्य एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भी स्वीकार किया है कि एनपीएस न्याय संगत नहीं है, इसलिए न्यू पेंशन स्कीम को हटाया जाए। उन्होंने सरकार से पुरानी पेंशन को तत्काल बहाल करने की मांग की, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिल सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने काली पट्टी बांध कर विरोध व्यक्त किया।