समधान दिवस में फरियाद सुनते डीएम व एसपी
गौरीगंज(अमेठी)। तिलोई तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम राकेश कुमार मिश्र के समक्ष प्रज्ञा इंटरप्राइजेज बहादुरपुर जायस के प्रोपराइटर संजय कुमार जनशिकायतों को लेकर पेश हुए। वह अपनी बात कह रहे थे, तभी अधिकारियों ने उनके साढ़े आठ लाख रुपये के बकायेदार होने की जानकारी दी। इस पर डीएम ने तत्काल स्थानीय पुलिस से उन्हें गिरफ्तार करवा दिया।
तिलोई में डीएम ने अफसरों से दो टूक शब्दों में कहा कि गरीब आदमी बड़ी उम्मीद लेकर शिकायत करने पहुंचता है, उन्हें निराश न करें। संपूर्ण समाधान दिवस में सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व, पुलिस तथा विकास विभाग से संबंधित रहीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने लेखपालों को निर्देशित करते हुए कहाकि गांव में जाकर निरंतर भ्रमण कर अवैध कब्जा सहित छोटे-मोटे विवाद निपटाएं। 98 शिकायतों में से दस शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया।
इसके बाद डीएम व एसपी डॉ. इलामारनजी ने तहसील परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान एसडीएम तिलोई दिग्विजय सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी डीएन सिंह, डीडीओ तेजभान सिंह, तहसीलदार तिलोई पवन शर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
अमेठी में एडीएम अर्पित गुप्ता ने जनसमस्याओं की सुनवाई की। यहां पर 124 में से सात का निस्तारण किया गया। गौरीगंज में 41 में से तीन का निस्तारण सीडीओ सान्या छाबड़ा ने किया। मुसाफिरखाना में 56 में से तीन का निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर भेजी गई।