अमेठी। जिले की सभी पीएचसी पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के दौरान चिकित्सकों ने 4912 लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। जरूरतमंदों को दवा वितरित करते हुए गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों की काउंसलिंग की गई। मेले के दौरान प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत गोल्डेन कार्ड बनाए और वितरित किए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाते हुए आमजनों को इलाज की सुविधा मुहैया कराने, रोगों की प्रारंभिक स्तर पर चिन्हित कर इलाज करने के लिए रविवार को जिले की सभी पीएचसी में आरोग्य मेला आयोजित हुआ। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटगवां, सैंठा, जेठू मवई, हरदो, नंदमहर, दखिनवारा, अड़ारू, गोसईंगंज, विश्ेाषरगंज, भेटुआ, शिवगंज, मड़ेरिका, अमेयमाफी, रामगंज, चंडेरिया, कस्थुनी, नेवादा, थौरी, रानीगंज, सरेसर, सत्थिन, महौना, अलाईपुर, शाहमऊ, ओदारी, जायस, राजा फत्तेपुर, इन्हौना, फूला, सातन का पुरवा पीएचसी पर मेला लगाया गया। मेले में सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे की ओर से नामित चिकित्सकों ने गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को चिन्हित करते हुए उनकी स्क्रीनिंग एवं यथोचित स्तर पर संदर्भन एवं फालो-अप के साथ चिकित्सीय परामर्श, टीकाकरण, जांच व दवा देने के साथ गर्भावस्था व प्रसव कालीन सावधानी के प्रति जागरूक किया गया।