अमेठी। ग्राम पंचायत बहादुरपुर में संचालित अस्थाई गोआश्रय केंद्र का मंगलवार को सीडीओ सान्या छाबड़ा ने निरीक्षण किया। उन्होंने समय से पशुओं को चारा, भूसा व पशु आहार देने के निर्देश दिए। सीडीओ के निरीक्षण में गो आश्रय स्थल में 92 पशु संरक्षित पाए गए। 10 पशुओं की इयर टैगिंग नहीं की गई थी। कारण पूछे जाने पर पता चला कि ये पशु दस दिन पूर्व केंद्र पर आए थे।
सीडीओ ने पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि तत्काल सभी गोवंशों की इयर टैगिंग करते हुए विलंब का कारण स्पष्ट करें। पशुओं के पेयजल के लिए पानी की चरही के साथ ही दो शेड बने हुए हैं वहीं एक अतिरिक्त शेड पर निर्माण कार्य हो रहा है। केंद्र पर तैनात दोनों केयरटेकर मौजूद मिले।
डीपीआरओ ने बताया कि विकासखंड की सभी ग्राम पंचायत से प्लास्टिक का कचरा इस केंद्र पर आता है। शेडर मशीन, वेल्डिंग मशीन, ड्रॉपर मशीन आदि से निस्तारण कराया जाता है। सीडीओ ने निर्देशित किया कि क्लीन इंडिया ग्रीन इंडिया के तहत प्लास्टिक मुक्त अभियान के रूप में यह कार्य किया जाए। कहाकि नगर पालिका जायस के प्लास्टिक प्रबंधन के लिए यूनिट से लिंक कर दिया जाए।
तिलोई तहसील के अन्य दो विकासखंड तिलोई व सिंहपुर के प्लास्टिक वेस्ट को निस्तारित करने के लिए इस प्लांट से लिंक करने की डीपीआर बनाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। डीपीआरओ ने बताया कि केंद्र पर आने वाले प्लास्टिक वेस्ट को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित होने वाले मार्गों के उपयोग में लाया जाएगा।