अमेठी सिटी। राजकीय हाईस्कूल सिंहपुर में मंगलवार को मिशन प्रबोधन के तहत निबंध लेखन और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में कोमल ने प्रथम, अंश कुमार ने द्वितीय और रुबी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अंशिका प्रथम, शिवांशी द्वितीय और सौरभ तृतीय स्थान पर रहे।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। विजेता विद्यार्थियों की उपलब्धि पर विद्यालय में उत्साह का माहौल रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्हें अपने विचार स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने और मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सहशैक्षिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।