अमेठी। जिले में कोरोना का संक्रमण अब लोगों की जान लेने पर आमादा है। शुक्रवार रात कोविड-19 के 46 नए मरीजों में शामिल एक बुजुर्ग की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रशासन का दावा है कि शुक्रवार को अस्पताल व होम आइसोलेशन में रहकर 48 लोगों ने कोरोना को मात दी। 46 नए मरीज मिलने व 48 के डिस्चार्ज होने के बाद जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 556 तो मृतकों की संख्या 14 हो गई है।
जिले में कोरोना से मौत का सिलसिला लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार रात आई रिपोर्ट में पॉजिटिव मिले मुसाफिरखाना के भनौली निवासी 70 वर्षीय नजफ अली को पहले जिला मुख्यालय स्थित एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
यहां हालत गंभीर देख नजफ को लखनऊ के मेयो अस्पताल भेजा गया था जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शुक्रवार देर रात आई रिपोर्ट में बाजार शुकुल व भादर ब्लॉक के एक-एक, सिंहपुर व गौरीगंज ब्लॉक के दो-दो, भेटुआ व शाहगढ़ ब्लॉक के तीन-तीन, मुसाफिरखाना व जामो ब्लॉक के पांच-पांच, अमेठी ब्लॉक के छह व जगदीशपुर ब्लॉक केे सर्वाधिक 18 लोगों में कोविड-19 की पुष्टि हुई।
जिन मरीजों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है उनमें छह लोगों की जांच आरटीपीसीआर व 40 की एंटीजन किट द्वारा हुई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संग्रहीत रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने पॉजिटिव मिले मरीजों की मांग व सुविधा के अनुसार उनके उपचार का प्रबंध अस्पताल/होम आइसोलेशन में कराया है।
संक्रमित मरीजों के गांव व मोहल्लों को सैनिटाइज करने के साथ ही पहले से गठित टीमों को बचाव कार्य शुरू करने का भी निर्देश दिया गया है। डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 1,823 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से 1,255 ठीक हो चुके हैं तो 14 की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 556 कोरोना पॉजिटिव मरीज कोविड अस्पताल या होम आइसोलेट में हैं, जिनका उपचार व निगरानी की जा रही है।