अमेठी। जेके लक्ष्मी सीमेंट एवं जेके ट्रस्ट की ओर से शनिवार को पुराने वाहन को पशु आरोग्य रथ वैन बनाकर डीएम से शुभारंभ करवा दिया। मामला संज्ञान में आने के बाद डीएम ने नाराजगी भी जाहिर की। डीएम की ओर से नाराजगी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। भादर ब्लॉक क्षेत्र में स्थापित जेके सीमेंट कंपनी की ओर से पशुपालकों को मवेशी उपचार की परेशानी से बचाने के लिए एक वैन पशु पालन विभाग को दी है। वैन का शुभारंभ शनिवार को अमेठी तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के बाद डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी डॉ. इलामारन जी से करवा दिया। शुभारंभ के बाद जब डीएम की नजर वैन पर पड़ी तो पुरानी दिखी।
डीएम ने सवाल पूछना चालू किया तो मौजूद लोगों एक-दूसरे को देखने लगे। नाराज डीएम ने कहा कि तुम लोगों ने आज हमसे पुरानी गाड़ी का उद्घाटन करवाया। कहा कि नया वाहन बताकर महाखचाड़ा गाड़ी का शुभारंभ करा दिया। डीएम के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है।
कंपनी ने दिया वाहन
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि जेके कंपनी के सीआरएस फंड से गोआश्रय स्थल पर संरक्षित मवेशियों व पालतू पशुओं की निशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान वाहन संचालित किया गया है। जेके लक्ष्मी स्टेट हेड अजीत सिंह ने बताया कि भादर क्षेत्र के सभी गांवों के पशुपालकों को वाहन से उनके मवेशियों को चिकित्सा सुविधा निशुल्क प्रदान की जाएगी। आपातकालीन सेवा भी नियमित रूट के साथ कंपनी के टोल फ्री नंबर पर मिलेगी। पशु चिकित्साधिकारी भादर व बीडीओ से संपर्क कर शिविर लगाने की तिथि निर्धारित की जायेगी।
10 वर्ष पुराना है वाहन
संभागीय परिवहन विभाग के एप पर वाहन का फिटनेश 25 जून 2022 को समाप्त होना प्रदर्शित हो रहा है। वाहन 10 साल छह माह 27 दिन पुराना बताया रहा है। एसपी डॉ. इलामारन जी का कहना है कि प्रकरण दिखवाया जा रहा है।