अमेठी सिटी। आपत्तिजनक वीडियो बनने से नाराज दबंग ने बेटे संग बाइक से जा रही महिला को सरेराह रोक कर उसकी लोहे की रॉड से पिटाई कर दी। हमले में जख्मी महिला की सुल्तानपुर जिला अस्पताल में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजनाें ने अमेठी बाईपास पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अमेठी कोतवाली इलाके के एक युवक ने बताया कि गांव निवासी मुकेश अग्रहरि ने उसकी मां से जबरन अनैतिक संबंध बनाए थे। इसको लेकर उसके पास फोटो व वीडियो मौजूद थे। इसके चलते आरोपी उसकी मां व उसे धमकी दे रहा था। रविवार को वह अपनी मां को लेकर बाइक से पैतृक गांव रामगंज थाना क्षेत्र जा रहा था। इसी बीच अमेठी में गुड़ियाताली गांव के पास आरोपी मुकेश ने अपनी बोलेरो उसकी बाइक के आगे लगाकर रोक ली। इसके बाद आरोपी ने उसकी मां पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। जब उसने और उसके एक साथी न बचाने की कोशिश की तो उसे भी पीट दिया। इस पूरे मामले का वीडियो भी वायरल है। घटना के बाद जब लोग बचाव में आए तो आरोपी भाग निकला।
घटना के बाद पहुंची पुलिस ने महिला को सीएचसी अमेठी भेजा। वहां से रेफर होने पर महिला की उपचार के दौरान रात को सुल्तानपुर के जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना को लेकर मृतक के परिजन मुकेश पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इस मामले में महिला की मौत से पहले ही जानलेवा हमले सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया था।
मृतका के बेटे ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद जब वह थाने गया था तो पुलिस ने कार्रवाई के बजाय उसे थाने में बैठा लिया था। सोमवार की शाम जब पोस्टमार्टम के बाद शव अमेठी पहुंचा तो पीड़ित के पक्ष की ओर से तमाम ग्रामीण व अपना दल के नेता व कार्यकर्ता आ गए। इन लोगों ने अमेठी बाईपास पर मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी दर्ज केस में हत्या सहित अन्य धाराएं बढ़ाने की मांग कर रहे थे। साथ ही मृतक के बेटे को थाने में बैठाने को लेकर दोषी पुलिस कर्मियाें पर भी कार्रवाई की मांग की जा रही थी। इसकी खबर होने पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को समझा कर प्रदर्शन व जाम हटवाया। इसके बाद शव गांव ले जाया गया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात है।
बोले इंस्पेक्टर
अमेठी इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि मामले में हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। मृतका के साथ अनैतिक संबंधों के वीडियो व फोटो को लेकर जांच की जाएगी। मृतका अनुसूचित जाति की होने के कारण इसकी जांच सीओ द्वारा की जाएगी।