गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर संचालित ट्रेनों के विलंब से संचालित होने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। मंगलवार रात दानापुर-आनंद विहार तो बुधवार को आनंदविहार-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस का संचालन निरस्त रहा। इतना ही नहीं सभी स्टेशनों पर ठहराव की इकलौती ट्रेन लखनऊ-प्रयागराज संगम के साथ मालदा टाउन व जनता एक्सप्रेस भी चार घंटे लेट गौरीगंज पहुंची। ट्रेनें निरस्त होने व विलंब से संचालित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली के यात्रियों के लिए चलने वाली आनंदविहार-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस का संचालन बुधवार को निरस्त रहा। इस ट्रेन से यात्रा करने पहुंचे राममिलन, सुरेश कुमार ने बताया कि जनसाधारण एक्सप्रेस निरस्त होने से दिल्ली पहुंचने के लिए रातभर प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा करने के बाद बुधवार सुबह मालदा टाउन से रवाना होना पड़ा।
इसके साथ लखनऊ-प्रयागराज के बीच सभी स्टेशनों पर ठहराव के साथ संचालित लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 9:12 के बजाय गौरीगंज स्टेेशन पर चार घंटे देरी से दोपहर 12:20 बजे से रवाना हुई। इसी तरह देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस व मालदा टाउन-आनंद विहार एक्सप्रेस भी चार घंटे देरी से पहुंची। अन्य ट्रेनें भी 40 मिनट से एक घंटा देरी से संचालित हुईं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस के निरस्त रहने के साथ लखनऊ-प्रयागराज संगम, मालदा टाउन व जनता एक्सप्रेस के चार घंटा देरी से संचालित होने की पुष्टि की है।