बाजारशुकुल (अमेठी)। काजीपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर बिजली गिरने से खेत में निराई कर रहे वृद्ध किसान की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव के विश्वनाथ रैदास (65) दोपहर बाद बहू नीलम और नाती लवकुश के साथ गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में धान की निराई करने गए थे। इसी बीच अचानक मौसम का मिजाज बदला और बिजली कड़कने लगी। विश्वनाथ काम छोड़कर खेत के समीप स्थित एक पेड़ के नीचे बैठ गए। तभी तेज आवाज के साथ बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई। उस वक्त बहू और नाती खेत में ही थे।
लेखपाल रामयज्ञ शुक्ला ने मृतक किसान के परिजनों से घटना की जानकारी ली है। लेखपाल ने बताया कि शासन की ओर से प्राकृतिक आपदा राहत कोष के तहत सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी। अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। विश्वनाथ की पत्नी रामावती का आठ साल पहले निधन हो गया था। विश्वनाथ की मौत से बेटा दिनेश कुमार, बहू नीलम, नाती लवकुश, अंकुश, अंकित, अर्पित, राम, श्याम और नातिन काजल, आंचल, किरन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि विश्वनाथ मेहनती किसान और परिवार का सहारा थे।