डंपर की चपेट में आई बाइक, युवक की मौत; हाईवे जाम
मुंशीगंज के मेदनमवई गांव निवासी संतोष ओझा (42) की मंगलवार रात बांदा-टांडा हाईवे पर डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत कराया और डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
संतोष ओझा किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। गौरीगंज के धनीजलालपुर गांव के पास पीछे से आए डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में संतोष की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक डंपर लेकर मौके से भाग निकला। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर दिया और कार्रवाई के साथ पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग करने लगे। 30 मिनट तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इंस्पेक्टर अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान कर चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।