गौरीगंज (अमेठी)। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिले में एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम संचालित कराया गया था। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा, बाल विकास, पंचायत व कृषि समेत सात विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संचारी रोग के प्रति आमजनों को जागरूक करने तथा डेंगू आदि रोग से प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराते हुए गांवों में निरोधात्मक कार्रवाई करने का काम अभियान के रूप में किया था।
अभियान समाप्त होने के बाद शासन स्तर पर पूरे प्रदेश में की गई कार्रवाई की रैंकिंग सूची जारी की गई। शासन से जारी रैंकिंग सूची में जिले को 200 अंक मिलने के साथ ही उसे प्रदेश में तीसरे स्थान पर रखा गया है। प्रतिदिन की गई कार्यवाही को उसी दिन निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा था, जिसकी समीक्षा शासन से लेकर निदेशालय स्तर तक की जा रही थी।
सीएमओ डॉ. विमलेंदु शेखर ने बताया कि इस दौरान शिक्षा विभाग द्वारा 15,897 रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया गया। पंचायत विभाग द्वारा सभी 682 ग्राम पंचायतों में प्रधान द्वारा जागरूकता रैली व नालियों की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा बचाव के लिए संवेदीकरण की बैठकें की गईं।
312 हैंडपंपों की मरम्मत व 175 हैंडपंपों का प्लेटफॉर्म निर्माण, 390 शौचालयों का निर्माण कराया गया। शहरी क्षेत्र के 134 स्थानों पर फॉगिंग समेत बिंदुवार सभी कार्य नियामनुसार करते हुए पीड़ितों को इलाज की व्यवस्था मुहैया कराई गई।