गौरीगंज (अमेठी)। 31 जुलाई तक चलाए जा रहे संचारी रोग की रोकथाम व दस्तक अभियान की राज्य स्तर पर रैंकिंग जारी की गई। इसमें बागपत को पहला व अमेठी को दूसरा स्थान मिला है। जिले में संचारी रोग की रोकथाम के लिए एक से 31 जुलाई तक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत एक लाख 47 हजार 509 लोगों से संपर्क करके बीमारियों से रोकथाम के बारे में जागरूक किया गया। बुखार के 164, सर्दी जुकाम के 63, क्षय रोग के सात मरीज भी मिले हैं। इनका उपचार शुरू कर दिया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ 10 अन्य विभागों को डीएम राकेश कुमार मिश्र ने जिम्मेदारी दी है।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रसाद ने बताया कि संचारी रोग अभियान के तहत उथले हैंडपंप पर निशान लगाकर लोगों को शुद्ध पानी पीने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बताया कि शासन से अभियान की रैंकिंग जारी की गई है। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि टीमों को और अधिक सतर्कता बरतने को कहा गया है।
इनसेट
सर्पदंश से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी
- एडीएम अर्पित गुप्ता ने सर्पदंश से बचाव के उपाय, सर्पदंश की स्थिति में क्या करें, क्या न करें के बारे में दिशा निर्देश जारी किये हैं। बताया कि सर्पदंश होने पर सांप से दूर हो जाये और घबराए नहीं, जिस जगह पर सर्पदंश है वहां से सभी प्रकार के आभूषण जैसे घड़ी, अंगूठी आदि को निकाल दें। सर्पदंश वाले अंग को न मोड़े, पीड़ित व्यक्ति का सर ऊंचा करके लिटायें या बैठायें, घाव को तुरंत साबुन या गर्म पानी से साफ करें। काटे हुये अंग को पट्टी या सूती कपड़े से बांध दें, दंश को साफ व सूखे कपड़े से ढक दें, पीड़ित व्यक्ति को स्थिर और शांत अवस्था में रखें तथा पीड़ित व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर जाएं। वहां पर एंटी स्नैक वेनम इंजेक्शन की उपलब्ध है।