जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित सिलिंडर वितरण कार्यक्रम में लाभार्थी को चेक देते अतिथि।
अमेठी सिटी। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर गौरीगंज में बुधवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निशुल्क सिलिंडर के सापेक्ष दी जा रही सब्सिडी का प्रतीकात्मक चेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रदान गया। इस दौरान वितरण से पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।
प्रसारण के बाद उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने जन सामान्य के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं, जिनका सीधा लाभ उन्हें मिल रहा है। जिलाधिकारी निशा अनंत ने उपस्थित लोगों को होली पर्व की बधाई दी।
जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत ने बताया कि जिले में प्रथम चरण में 8,80,86 और द्वितीय चरण में 53,723 लाभार्थियों को निशुल्क एलपीजी सिलिंडर की रीफिल कराई जा चुकी है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 1.0 के अंतर्गत जिले में कुल 1,32,430 गैस कनेक्शन निर्गत हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष रामप्रसाद मिश्र, उज्ज्वला योजना के नोडल अधिकारी अमरेश सहित अन्य अधिकारी व लाभार्थी मौजूद रहे।