कमरौली के उतेलवा में अरमान की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।-
जगदीशपुर (अमेठी)। कमरौली के उतेलवा निवासी शब्बीर के 15 वर्षीय पुत्र अरमान और सुल्तानपुर के पिपरी अलीगंज निवासी श्याम गिरी (60) की अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में मौत हो गई। मौत के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है।
शब्बीर ने बताया कि बेटा अरमान कमरौली कस्बे में संचालित निजी स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। बुधवार सुबह 7:30 बजे बेटा साइकिल से परीक्षा देने स्कूल जा रहा था। रास्ते में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप के पास स्कॉर्पियो से उसकी साइकिल टकरा गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन सहित मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों ने अरमान को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।
अरमान के मौत की खबर सुनकर मां रेहाना बानो का रो-रो कर बुरा हाल है। लखनऊ में निजी कंपनी में काम करने वाले पिता शब्बीर और भाई अरबाज गमगीन हैं। थाना प्रभारी अभिनेष कुमार ने बताया कि शब्बीर की तहरीर पर अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
सुल्तानपुर जिले के पिपरी अलीगंज निवासी श्याम गिरी जगदीशपुर के पूरे गोसाई निवासी बेटी धनपति और दामाद विनोद के घर पर रहते थे। विनोद के मुताबिक श्याम गिरि मंगलवार की शाम साइकिल से रात में करीब आठ बजे घर लौट रहे थे। रास्ते में बड़े गांव के पास अज्ञात वाहन साइकिल से टकरा गई। हादसे में श्याम घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालात नाजुक होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में बुधवार को उनकी मौत हो गई। श्याम की मौत के बाद बेटी निशा, धनपति, नातिन मोनिका, खुशी, शिखा और नाती अनिकेत का रो-रो कर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।