अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। सुबह करीब 9 बजे छोटे भाई दिनेश वर्मा ने अपने बड़े भाई राकेश वर्मा (50) की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात की खबर फैलते ही गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक राकेश वर्मा गांव में शांत स्वभाव के व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। अचानक हुई इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जल्द ही मामले में विस्तृत खुलासा किए जाने की बात कही है।