अमेठी सिटी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में उपचार में लापरवाही बरतने व हालत गंभीर होने पर नवजात को रेफर करने के आरोप की मजिस्ट्रेटी जांच होगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सहित चिकित्सकों की टीम गठित की है, जो मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी।
रायबरेली जिले के महराजगंज निवासी इंद्र कुमार ने सीएचसी संग्रामपुर में तैनात चिकित्सकों व कर्मियों पर प्रसूता व नवजात के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री सहित अन्य को पत्र भेजा था। आरोप लगाया था कि संग्रामपुर के गांव तारापुर मायके गई उनकी पत्नी को 12 जनवरी को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजन संग्रामपुर सीएचसी ले गए। आरोप है कि कई घंटे बीत जाने के बाद भी डॉक्टर मौके पर नही पहुंचे तो अस्पताल में तैनात एक दाई और स्टाफ नर्स ने नंबर बढ़ाने के चक्कर में डिलीवरी की कोशिश शुरू कर दी।
हालत बिगड़ने पर डाॅक्टर और नर्स ने हाथ खड़े कर दिए और जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जिसके बाद जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां भी कोई डॉक्टर नहीं मिला। गंभीर हालत में प्रतापगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां ऑपरेशन से नवजात पैदा हुआ। आरोप है कि इस दौरान शरीर में इन्फेक्शन फैल गया था। कड़ी मशक्कत करके बच्चे को बाहर निकालकर एनआईसीयू में रख दिया,, लेकिन कुछ समय बाद बच्चे की मौत हो गई।
पीड़ित ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। जबकि सीएचसी प्रभारी डॉ. संतोष सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए तत्काल गर्भवती महिला को जिला अस्पताल रेफर करने तथा प्रतापगढ़ में निजी अस्पताल में ऑपरेशन व इलाज होने की बात कही थी। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेटी जांच का आदेश दिया है। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि डीएम की ओर से जांच कमेटी गठित की गई है। जांच टीम में दो एसीएमओ शामिल हैं।
जांच टीम में शामिल ये अफसर
डीएम की ओर से नामित जांच टीम में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रीति तिवारी, एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद, डॉ. पीके उपाध्याय शामिल हैं। जो पूरे प्रकरण की जांच कर डीएम को रिपोर्ट सौंपेंगे। जांच टीम में शामिल अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रीति तिवारी ने बताया कि टीम में दो चिकित्सक भी शामिल हैं। इसी सप्ताह जांच कर रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।