अमेठी। स्थानीय थाने के रामनगर गांव में बुधवार की देरशाम रंजिश में फायरिंग का मामला सार्वजनिक हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, पुलिस फायरिंग को संदिग्ध मान रही है तो पीड़ित के बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी नूरआलम का आरोप है कि बुधवार देरशाम गांव स्थित मस्जिद के पास बैठा था। रंजिश से नाराज गांव के कुछ लोग अपने साथियों के साथ पहुंचे। गाली-गलौज कर विवाद करने लगे। आरोप है कि तभी एक व्यक्ति ने उस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। फायरिंग होते देखकर वह बचाव करने लगा, लेकिन कारतूस का छर्रा हाथ में लग गया। शोर सुन लोगों को आते देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित को अस्पताल पहुंचाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रथम दृष्टया में फायरिंग के आरोपों को खारिज कर जांच में जुटी है।
एसएचओ अमर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच काफी पुराना विवाद चल रहा है। मौके की जांच में फायरिंग की बात प्रकाश में नहीं आई। मेडिकल रिपोर्ट व जांच के बाद पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में फायरिंग की घटना चर्चा का विषय बनी है।