शाहगढ़। मुंशीगंज के पूरे कृतार्थ पाठक जलामा गांव निवासी रामदुलारे (50) की मंगलवार को खेत जाते समय हाईटेंशन तार के करंट की चपेट में आने से हुई मौत मामले में ऊर्जा निगम से समझौता हो गया है। मुआवजा मिलने के आश्वासन के बाद बुधवार दोपहर में परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।
मंगलवार रात शव घर ले जाते समय परिजनों ने थाना पहुंचकर केस दर्ज दर्ज करने की मांग की थी। सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। स्थिति को देखते हुए गांव के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में बैठक बुलाई गई। बैठक में निगम के अधिकारियों ने मृतक के परिवार को सात लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिलाया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
मृतक के भाई अर्जुन प्रसाद ने बताया कि जेई अशोक पाल ने लिखित आश्वासन दिया है कि परिवार को जल्द ही सहायता राशि प्रदान की जाएगी। परिजनों ने आश्वासन के बाद शव घर ले जाकर बुधवार को अंतिम संस्कार कर दिया। इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों और निगम अधिकारियों के बीच समझौता हो गया है। इस वजह से परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।