अमेठी। शहर स्थित एआरओ कार्यालय की ओर से 13 जनपदों की सेना भर्ती रैली 16 नवंबर से शुरू की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए पांच अगस्त से ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिया गया है। कोरोना संकटकाल के बाद सेना की ओर से सेना भर्ती प्रक्रिया की कवायद की जा रही है।
पहली बार थल सेना, वायुसेना और जलसेना में अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। शहर स्थित सेना भर्ती कार्यालय की ओर से पत्र जारी कर बताया गया है कि वर्ष 2022-23 के लिए अग्निपथ योजना के तहत सेना भर्ती कार्यालय के संबंधित जनपदों की सेना भर्ती रैली का आयोजन 16 नवंबर से छह दिसंबर के बीच अयोध्या स्थित डोगरा रेजीमेंट सेंटर परिसर में किया जाएगा।
सेना भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सेना की वेबसाइट पर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। वेबसाइट पर पांच अगस्त से लेकर तीन सितंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होगा।
सेना भर्ती कार्यालय के कर्नल जेएस सावनी ने पत्र जारी कर कहा है कि सेना भर्ती रैली में अमेठी के साथ ही प्रयागराज, अंबेडकर नगर, कुशीनगर, बस्ती, अयोध्या, कौशांबी, महाराजगंज, प्रतापगढ़, रायबरेली, संतकबीर नगर, सिद्धार्थ नगर और सुल्तानपुर के अभ्यर्थी रैली में प्रतिभाग करेंगे।