तिलोई (अमेठी)। युवक की मौत के मामले में परिजनों के प्रदर्शन के बाद आखिरकार पुलिस ने पिता-पुत्र सहित चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया। मांग पूरी हाेने पर 18 घंटे बाद सोमवार को परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया। पुलिस अब जांच में जुटी है।
मोहनगंज थानाक्षेत्र के राजा का पुरवा मजरे बारकोट गांव निवासी संतोष कुमार (28) का शव शनिवार रात गांव के पास नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। परिजन हत्या करने की आंशका जाहिर कर रहे थे। पुलिस जांच के बाद केस दर्ज करने की बात कह रही थी। रविवार को पोस्टमाॅर्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजन भड़क गए और पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप जड़ा। उन्होंने केस दर्ज होने के बाद अंतिम संस्कार करने की चेतावनी दे डाली। रात-भर मान मनौवल का दौर चला, लेकिन बात नहीं बनी। केस दर्ज होने पर ही परिजन माने।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे मृतक के भाई रामअवध की तहरीर पर मोहम्मद साकिर व उसके पुत्र मोहम्मद हैदर के साथ ही गांव के जगदेव और ओम प्रकाश पर भूमि विवाद में हत्या करने का केस दर्ज किया गया। एसएचओ राकेश सिंह ने बताया कि जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नहीं पता चल पाया मौत का कारण, विसरा सुरक्षित
संतोष की मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से भी साफ नहीं हुआ। पुलिस सूत्रों की मानें तो विसरा सुरक्षित किया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से शव मिलने की सूचना के बाद से ही आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में आरोपों से जुड़े साक्ष्य अब तक पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस अब कॉल डिटेल सहित सीडीआर खंगाल रही है।
परिजनों ने लगाई सुरक्षा की गुहार
मृतक संतोष के भाई रामअवध ने बताया कि भूमि विवाद में आरोपी उनके भाई की हत्या करने की साजिश पहले से कर रहे थे। कई बार जान से मारने की धमकी भी दे चुके हैं। बताया कि ओम प्रकाश पर कई आपराधिक केस दर्ज हैं। रामअवध ने पुलिस व प्रशासन से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।