अमेठी के रामलीला मैदान में सिलिंडर लेने के लिए कतार में बैठे उपभोक्ता। -संवाद
अमेठी। शहर में रसोई गैस वितरण शुरू होने से लोगों को राहत की उम्मीद थी लेकिन पहले ही दिन इंतजाम नाकाफी साबित हुए। रामलीला मैदान स्थित मानस भवन पर सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंच गए। सिलिंडर लेने के लिए लोगों को पांच से छह घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा, जिससे तेज धूप में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह से लगीं लंबी कतारें दोपहर तक और लंबी होती गईं। तेज धूप में छाया और बैठने की व्यवस्था न होने से महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। कई लोग गमछा और कपड़े से सिर ढककर खड़े रहे, जबकि कुछ लोग बीच-बीच में बैठने की जगह तलाशते नजर आए। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब बीच-बीच में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
बिजली जाते ही परची काटने का काम रुक गया और वितरण प्रक्रिया ठप हो गई। इन्वर्टर या जनरेटर की व्यवस्था न होने के कारण कर्मचारियों को इंतजार करना पड़ा, जिससे लाइन में लगे लोगों का समय और बढ़ गया। उपभोक्ताओं ने अव्यवस्था पर नाराजगी जताई। संग्रामपुर के अजय सिंह ने कहा कि धूप में घंटों खड़ा रहना मुश्किल हो गया।
तिवारीपुर की मीना देवी ने बताया कि महिलाओं के लिए कोई अलग सुविधा नहीं थी। गंगागंज के आरिफ ने बिजली समस्या को प्रमुख कारण बताया, जबकि धानापुर की गीता देवी ने कहा कि व्यवस्था में सुधार जरूरी है। शहर के रामलाल ने कहा कि पूरे दिन लाइन में लगने के बाद सिलिंडर मिल पाया। पूर्ति निरीक्षक शुभम ने बताया कि पहले दिन कुछ दिक्कतें आईं। एक-दो दिन में व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी।