मुसाफिरखाना। तहसील परिसर में रविवार को अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक की गई। इसमें उपजिलाधिकारी की कार्यशैली की कड़ी निंदा करते हुए आंदोलन को और तेज व व्यापक रूप देने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ल ने की। इसमें निर्णय लिया गया कि आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए अन्य तहसीलों के बार एसोसिएशन अध्यक्षों से संपर्क साधा जाएगा, ताकि सामूहिक स्तर पर विरोध दर्ज कराया जा सके। बैठक में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि एसडीएम का व्यवहार व कार्यशैली न्यायिक प्रक्रिया के अनुकूल नहीं है, जिससे अधिवक्ता और वादकारी परेशान हो रहे हैं।
अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ल ने कहा कि जब तक एसडीएम का स्थानांतरण नहीं किया जाता है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अधिवक्ताओं के आंदोलन के चलते तहसील में न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप है। मुकदमों की सुनवाई न होने से दूरदराज से आने वाले वादकारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में यह भी कहा गया कि यदि प्रशासनिक स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।