गौरीगंज (अमेठी)। निर्देशों के बावजूद आवास योजना में लापरवाही बरतना जिले के 12 खंड विकास अधिकारियों को महंगा पड़ा। जिले में चार वित्तीय वर्ष में स्वीकृत आवासों में से 222 के अपूर्ण होने का मामला बुधवार को प्रकाश में आया। आवास अपूर्ण होने से नाराज सीडीओ ने संबंधित बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए तत्काल आवास पूर्ण कर जवाब मांगा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति समीक्षा बुधवार को सीडीओ ने कार्यालय में की। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2016-17, 2017-18, 2018-19 व 2019-20 में स्वीकृत आवासों में से जिले में 222 आवास लगातार निर्देश के बावजूद अब तक अपूर्ण हैं। संग्रामपुर ब्लॉक क्षेत्र में ही शत प्रतिशत आवास पूर्ण मिले।
अमेठी व बहादुरपुर में 12-12, जगदीशपुर में नौ, भादर व शाहगढ़ में 28-28, जामो में 20, शुकुल बाजार व तिलोई में 17-17, भेटुआ व सिंहपुर में 11-11, मुसाफिरखाना में 23 व गौरीगंज में 18 आवास अपूर्ण मिले। बड़ी संख्या में आवास अपूर्ण मिलने से नाराज सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर ने संग्रामपुर के बीडीओ को छोड़ अन्य सभी 12 ब्लॉक के खंड विकास अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर दी।
सीडीओ ने सभी को तत्काल अभियान चला कर अवशेष आवास पूर्ण कराते हुए मानक के अनुसार मानव दिवस सृजित कर समुचित जवाब देने का निर्देश दिया है। सीडीओ ने अवशेष आवास पूर्ण नहीं होने तथा जवाब से संतुष्ट नहीं होने की दशा में विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करने की चेतावनी दी है। सीडीओ की कार्रवाई सार्वजनिक होने के बाद जिम्मेदारों में हड़कंप है।