गौरीगंज (अमेठी)। शासन व जिला प्रशासन के निर्देश के बावजूद समय से कार्यालय नहीं पहुंचना व जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतना सोमवार को जिला प्रबंधक पीसीएफ समेत कार्यालय के तीन कर्मियों को भारी पड़ा। डीएम ने अनुपस्थित जिला प्रबंधक व दो कनिष्ठ सहायक को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए एक दिन का वेतन बाधित करने तथा कार्यवाही के लिए विभागीय अफसरों को पत्र भेजा है। निरीक्षण के दौरान दस्तावेज नहीं दिखा पाने पर लेखागार को निलंबित करते हुए डीएम ने सभी से जवाब तलब किया है।
जिले में अधिकारियों व कर्मचारियों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को डीएम अरुण कुमार ने जिला प्रबंधक पीसीएफ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला प्रबंधक पीसीएफ सौरभ यादव व कनिष्ठ सहायक दिव्यांश श्रीवास्तव व रमेश कुमार अनुपस्थित मिले तो कार्यालय में मौजूद लेखाकार अतुल तिवारी डीएम को कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके।
कार्यालय में जगह-जगह गंदगी, अव्यवस्था व कर्मियों की मनमानी से नाराज डीएम ने जिला प्रबंधक पीसीएफ व कनिष्ठ सहायक का एक दिन का वेतन बाधित करते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि व विभागीय कार्रवाई के लिए संस्तुति करते हुए लेखाकार को निलंबित कर दिया। डीएम ने सभी को अपना लिखित जवाब देने का निर्देश देते हुए समय से कार्यालय में मौजूद रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा है। डीएम ने जवाब से संतुष्ट नहीं होने तथा भविष्य में समय से कार्यालय नहीं आने व जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।