अमेठी सिटी। प्रतापगढ़ और दिल्ली के बीच चलने वाली पद्मावत एक्सप्रेस (अप-डाउन दोनों) में एक अतिरिक्त कोच बढ़ाया गया है। यात्रियों की सीट कन्फर्म होने की संभावना बढ़ गई है, जिससे उन्हें राहत मिल सकेगी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर दिल्ली के लिए भले ही कई ट्रेन संचालित हो, लेकिन इन दिनों किसी भी ट्रेन में यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।
पद्मावत एक्सप्रेस ट्रेन में वेटिंग का आंकड़ा 180 के पार है। ऐसे में यात्रियों की डिमांड व यात्रा में सुविधा देने के लिए रेलवे ने प्रतापढ़ से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में 19 जुलाई तो दिल्ली से प्रतापगढ़ आने वाली ट्रेन में 22 जुलाई तक अतिरिक्त एक स्लीपर कोच लगाने को मंजूरी दी है। विभागीय सूत्रों को मानना है कि आगामी त्योहार को देखते हुए बढ़ा कोच को शायद नहीं हटाया जाए।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए पद्मावत एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त शयनयान कोच की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की डिमांड पर आगे कोच की अवधि में विस्तार करने पर विचार किया जाएगा। संवाद