अमेठी सिटी। गौरीगंज से सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट के मामले में बृहस्पतिवार की रात मुकदमा दर्ज कराया गया है। एक कार्यकर्ता ने रायबरेली के सपा छात्रसभा के जिलाध्यक्ष शिवम लोहिया की सोशल मीडिया आईडी के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है।
गौरीगंज इलाके के चतुरीपुर मऊ गांव निवासी कुलदीप भारती ने दर्ज कराई एफआईआर में कहा है कि राकेश प्रताप सिंह गौरीगंज से तीसरी बार विधायक हैं। रायबरेली के सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष शिवम लोहिया ने 27 नवंबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर विधायक को बदनाम करने के लिए टिप्पणी की थी, जिससे विधायक की छवि धूमिल हुई है। इससे जनता और समाज में गलत प्रभाव पड़ रहा है।
उनकी मान मर्यादा प्रभावित हो रही है। साथ हम कार्यकर्ता भी आहत हुए हैं। कुलदीप की तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात मुकदमा दर्ज किया है। श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि कुलदीप की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।