गौरीगंज (अमेठी)। प्रभावी पैरवी के अभाव में न्यायालयों में लंबित पड़े मुकदमों व सजा के अभाव में बढ़ रहे अपराधियों के हौसले को समाप्त कराने के लिए डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन समिति की बैठक की। बैठक में गवाहों को अनावश्यक रूप से परेशान न करने की बात करते हुए डीएम ने मुकदमों में प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने का निर्देश दिया है।
शासन के निर्देश पर विभिन्न न्यायालयों में परैवी के अभाव में लंबित केसों को निस्तारित कराने के लिए शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अरुण कुमार ने जिला अभियोजन समिति की बैठक की। बैठक में डीएम ने भू-माफिया, आजीवन कारावास, गुंडा एक्ट, जमानत की बिंदुवार समीक्षा करते हुए प्रभावी पैरवी कर मुकदमों को निस्तारित करने को कहा।
डीएम ने कहा कि गवाहों को तभी बुलाया जाए जब उनकी आवश्यकता हो तथा वाद का निस्तारण हो सके। डीएम ने सभी शासकीय अधिवक्ताओं को मुकदमों की पैरवी में तेजी लाते हुए अपराधियों को सजा दिलाने तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने का निर्देश दिया। डीएम ने पाक्सो के मामलों में गंभीरता दिखाते हुए निर्धारित समय में निस्तारित करने का निर्देश दिया। इस मौके पर एडीएम वंदिता श्रीवास्तव, एएसपी दयाराम सरोज व एपीओ संजय टंडन समेत सभी जिला शासकीय अधिवक्ता मौजूद रहे।