जगदीशपुर/जामो (अमेठी)। सीएमओ ने शुक्रवार को सीएचसी जगदीशपुर व जामो का निरीक्षण कर उपचार सुविधाओं का जायजा लिया। अस्पताल में ओपीडी, वार्ड व लैब की जांच करने के बाद मरीजों से बात भी की। दोनों केंद्रों पर कुछ कर्मचारियों के अनुपस्थित मिलने पर उनका वेतन बाधित करते हुए जवाब तलब किया है। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह शुक्रवार को जगदीशपुर सीएचसी पहुंचे। उन्होंने ओपीडी में मौजूद मरीजों से उपचार व दवा से जुड़ी जानकारी हासिल की।
सीएमओ ने गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, आवश्यक जांच, संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, आभा आईडी, क्षय रोग की जांच एवं उपचार आयुष्मान कार्ड, संस्थागत प्रसव, एचबी एनसी भ्रमण की जानकारी ली। चिकित्सकों के साथ बैठक में अस्पताल की ही दवाएं लिखने को कहा। कहा कि बाहर की दवाएं लिखने पर कार्रवाई की जाएगी।
आशा कार्यकर्ताओं से कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान मौसमी बीमारी से ग्रसित मरीज मिलने पर उसे अस्पताल पहुंचाएं। कार्यों में रुचि नहीं लेने वाली आशा कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त करने की बात भी कही। निरीक्षण में डॉ. प्राची शुक्ल व रंजनी कुमार तथा स्टाफ नर्स प्रीति कुमारी, संजू मिश्रा व रुचि यादव अनुपस्थित मिलीं। सीएमओ ने जामो सीएचसी का भी निरीक्षण कर उपचार प्रबंधन के साथ दवाओं की मौजूदगी व योजनाओं के क्रियान्वयन का परीक्षण किया। निरीक्षण में डॉ. योगेंद्र, डॉ. प्रणव गौतम व नेत्र सहायक मनोज कुमार अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी से जवाब मांगा है।