अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के जंगल टिकरी गांव में बुधवार की सुबह जमीन के विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। एक पक्ष से भाजपा नेत्री व पूर्व प्रत्याशी रश्मि सिंह ने गड्ढे में गिराकर गला दबाने व मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि, दूसरे पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 16 के खिलाफ केस दर्ज किया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव महमदपुर निवासी पूर्व विधानसभा प्रत्याशी भाजपा नेत्री रश्मि सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि ब्लॉक के गांव जंगल टिकरी निवासी राधामोहन सिंह से उन्होंने हिबनामा की जमीन प्राप्त किया है। आरोप है कि उक्त भूमि पर बुधवार को वह गईं तो फूला देवी आदि की ओर से जमीन पर कब्जा किया जा रहा था। उनके पहुंचते ही उन्हें गड्ढे में गिरा कर जान से मारने के लिए गला दबा दिया गया। किसी तरह से वह बाहर आई तो उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
जबकि, दूसरे पक्ष की फूला देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि भाजपा नेत्री रश्मि सिंह अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंची और आबादी की भूमि को खाली करने की धमकी देते हुए मारपीट की। बंधक बनाकर घर में घुसकर राइफल के बट से मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा नेत्री सहित चार पर मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।