अमेठी सिटी। संग्रामपुर पुलिस ने महिलाओं से मोबाइल और नकदी लूटने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके साथ दो बाल अपचारियों को भी निगरानी में लिया है।
आरोपियों के कब्जे से लूट के पांच मोबाइल और 1200 रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में रायबरेली और सलोन-ऊंचाहार मार्ग समेत कई स्थानों पर महिलाओं से मोबाइल लूटने की घटनाएं सामने आई हैं।
एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर संजय सिंह की टीम ने शनिवार को विशेषरगंज के पास रामगंज के हृदयी का पुरवा गांव निवासी विशाल कश्यप (26) को गिरफ्तार किया। उसके पास से दो मोबाइल बरामद हुए।
दोनों बाल अपचारियों के पास से तीन मोबाइल और 1200 रुपये मिले। एएसपी के अनुसार पूछताछ में बाल अपचारियों ने कई स्थानों पर तमंचा दिखाकर मोबाइल लूटने की बात बताई। एक अक्तूबर की शाम धनापुर मोड़ के पास महिला से पर्स लूटने की घटना भी सामने आई। पर्स में मोबाइल, 1200 रुपये और आधार कार्ड था।
पुलिस के अनुसार एक मोबाइल करीब दो माह पहले रायबरेली में महिला से लूटा गया था। एक मोबाइल करीब एक सप्ताह पहले सलोन-ऊंचाहार मार्ग पर महिला से लूटा गया था। लूटे गए मोबाइल विशाल को अनलॉक कर बेचने के लिए दिए जाते थे।