अमेठी। भादर क्षेत्र के लेखपाल अमित कुमार को एंटी करप्शन ब्यूरो टीम के रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद प्रशासन ने विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी लेखपाल को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
बुधवार को बाबूलाल पाल से रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो टीम ने लेखपाल को दुर्गापुर बाजार से रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि निलंबन की कार्रवाई के बाद अब विभागीय जांच अधिकारी पूरे प्रकरण की छानबीन करेंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई तय की जाएगी। एसडीएम आशीष सिंह ने कहा कि शासन की प्राथमिकता निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था है। भ्रष्टाचार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।