अमेठी सिटी। सीएम अभ्युदय कोचिंग संस्थान के तहत इंटरमीडिएट पास विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी निशुल्क कराई जाती है। अभी तक जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित जीजीआईसी में कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था। अब पहली बार जिले की सभी तहसीलों में कोचिंग कक्षा का संचालन किया जाएगा। इसके लिए केंद्र भी तय कर दिए गए हैं। एक जुलाई से कक्षाओं का संचालन शुरू होगा।
सीएम अभ्युदय कोचिंग संस्थान को परिणाम केंद्रित बनाने के लिए इस बार विशेष जोर दिया जा रहा है। सीडीओ सूरज पटेल के निर्देश पर समाज कल्याण अधिकारी के साथ ही अब डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी को नोडल बनाया गया है। डीआईओएस ने बताया कि जिला मुख्यालय में एक मात्र केंद्र संचालन होने से दूरदराज व दूसरी तहसीलों के विद्यार्थी इसमें शामिल नहीं हो पा रहे थे। ऐसे में अब सभी तहसीलों में कोचिंग कक्षाओं का संचालन होने से सभी विद्यार्थियों को इसका लाभ आसानी से मिल सकेगा।
जिले में इस बार 160 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। जिला मुख्यालय में छह जून तक आवेदन की आखिरी तारीख तय की गई थी। वहीं अन्य तहसीलों में अभी आवेदन की प्रक्रिया गतिमान है। इस योजना में गत वर्ष एसएससी में 25, नीट में 18, यूपीएससी में 56 विद्यार्थी पंजीकृत थे। जेईई में गत वर्ष किसी ने आवेदन नहीं किया। इस बार भी अभी तक जेईई के लिए आवेदन की संख्या शून्य है।