जामो ब्लॉक स्थित स्कूल खेल मैदान में आयोजित क्रीड़ा प्रतियोगिता में वॉलीबॉल खेलते खिलाड़ी। -क
जामो (अमेठी)। कस्बे में संचालित निजी स्कूल मैदान में सोमवार को युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल की ओर से ग्रामीण ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कुश्ती, भारोत्तोलन, जूडो एवं बैडमिंटन में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खेल प्रतियोगिता में 100 मीटर की बालक दौड़ में अभय द्विवेदी प्रथम, लवकुश द्वितीय व सत्यम तृतीय स्थान पर रहे। 800 मीटर की बालक दौड़ में सूरज पाल प्रथम, अभय चौरसिया द्वितीय, शान मोहम्मद तृतीय स्थान के विजेता रहे। 100 मीटर बालिका दौड़ में नैंसी प्रथम, दिव्या द्वितीय, बेबी चौरसिया तृतीय तो 400 मीटर बालिका दौड़ में सुहासिनी प्रथम, अनामिका द्वितीय, दिव्या तृतीय स्थान की विजेता घोषित हुईं।
वॉलीबॉल जूनियर वर्ग बालक में पूरे चौधरी विजेता तो केआर टीम उपविजेता तथा वॉलीबॉल बालक सीनियर वर्ग में लोरिकपुर टीम विजेता एवं श्रीगंगा बख्श इंटर कॉलेज उपविजेता रही। प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख जामो पूनम कुमारी ने किया तो पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कुमार सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल व पुरस्कार दिया। इस मौके पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रागिनी पांडेय, बीडीओ विजयंत सिंह, ग्राम प्रधान सत्यदेव मिश्र, सुरेंद्र प्रताप सिंह, ऋषि वर्मा, सीपी सिंह यादव, रविंद्र कुमार, अर्जुन साहू आदि मौजूद रहे।