गौरीगंज (अमेठी)। पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना में चयनित जिले के 1099 पटरी दुकानदारों को ऋण स्वीकृत होने का प्रमाणपत्र मंगलवार को वितरित किया गया। चयनित लाभार्थियों को प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
रेहड़ी व पटरी दुकानदारों को अपना स्वयं का रोजगार नए सिरे से शुरू करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर योजना संचालित की गई है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 1,099 दुकानदारों को ऋण स्वीकृति का प्रमाण पत्र दिया गया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद कार्यक्रम का सजीव प्रसरण सभी को दिखाया व सुनाया गया। वितरण से पूर्व डीएम अरुण कुमार ने सभी को योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कहा कि जिले में निर्धारित लक्ष्य 2,035 के सापेक्ष 1,436 लाभार्थियों का ऋण स्वीकृत हो गया है। बताया कि कोरोना काल में प्रभावित शहरी पथ विक्रेताओं को दोबारा अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से योजना संचालित की गई है। योजना संचालित होने से रेहड़ी, पटरी दुकानदार आत्मनिर्भर एवं सशक्त बन सकेंगे। ऐसे में गरीबों के आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में सुधार होगा। कार्यक्रम में एडीएम वंदिता श्रीवास्तव, पीओ डूडा उमाशंकर, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक समेत जिम्मेदार अफसर व कर्मचारी मौजूद रहे।