अमेठी। अमर उजाला ने बृहस्पतिवार के अंक में कर्मियों की मनमानी, सिस्टम की सुस्ती से अटके आधार शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद प्रशासनिक अफसरों ने मामले का संज्ञान लिया। इसी बीच प्रधान डाकघर में एक काउंटर संचालित हो गया। इससे आधार कार्ड बनने का काम शुरू हो गया। वहीं डीएम राकेश कुमार मिश्र ने आधार कार्ड मामले को लेकर डाक विभाग के अफसरों से बात करने की बात कही है।सरकार की ओर से आधार कार्ड अनिवार्य किए जाने के बाद लोगों की सहूलियत और उन्हें शोषण से बचने के लिए बेहतर कवायद की गई। प्राइवेट सीएससी से हटाकर डाकघर एवं बैंकों में आधार कार्ड बनाने के लिए अलग से काउंटर स्थापित किए गए। मैनपॉवर व अन्य तकनीकी खराबियों के चलते लोगों को सहूलियत नहीं मिल पा रही है। आधार कार्ड बनाने के लिए शहर स्थित प्रधान डाकघर से संचालित प्रधान डाकघर अमेठी दो काउंटर तथा गौरीगंज, एचएएल कोरवा, शाहगढ़, मुसाफिरखाना, कुड़वार, शुकुल बाजार, जगदीशपुर, गौरा जामों, धम्मौर, विशेषरगंज, भादर व रामगंज में एक-एक आधार काउंटर बनाए गए हैं। प्रधान डाकघर में संचालित दो काउंटर में से एक काउंटर का संचालन कर्मी संजय कुमार के आने से शुरू हो गया। प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर आरए सोनकर ने बताया कि प्रधान डाकघर में दो में से एक काउंटर का संचालन शुरू करा दिया गया है।