संवाद न्यूज एजेंसी जगदीशपुर (अमेठी)। बिहार प्रदेश के भोजपुर जिले के चैन छपरा महुली घाट निवासी विश्वजीत सिंह (35) कर बुधवार सुबह श्रमजीवी एक्सप्रेस से गिरकर मौत हो गई। घटना निहालगढ़ रेलवे स्टेशन के पीरपुर गांव के समीप हुई। विश्वजीत मूक-बधिर बहन रेखा देवी का इलाज कराकर लखनऊ से घर लौट रहे थे।
बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे डाउन रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। आरपीएफ कर्मियों ने जीआरपी व सिविल पुलिस को खबर दी। जगदीशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने शव को झाड़ियों से निकलवाया। तलाशी में बहन के इलाज के पर्चे और फोन नंबर मिले, जिससे परिजनों से संपर्क किया गया। पिता जयप्रकाश सिंह ने बताया कि विश्वजीत 28 जुलाई को बहन को इलाज के लिए लखनऊ के पीजीआई अस्पताल लेकर गए थे। लौटते समय वह श्रमजीवी एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्रा कर रहे थे। आरा स्टेशन से सूचना मिलने पर परिजन बहन को घर ले गए।