अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय गौरीगंज क्षेत्र के दर्जिन का पुरवा रोहसी बुजुर्ग गांव निवासी शुभम (23) की शुक्रवार रात करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। जिला अस्पताल में मौत के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए।
नन्हेबाबू के मुताबिक उनका बेटा शुभम बुकिंग पर कार्यक्रम में लाइटिंग का काम करता था। शुक्रवार को पाल का पुरवा संभुई गांव में एक कार्यक्रम में लाइटिंग का काम कर रहा था। कार्यक्रम के दौरान बिजली आने के बाद जनरेटर बंद कर लाइन से कनेक्शन जोड़ते समय करंट की चपेट में आकर झुलस गया।
उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुभम की मौत की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे और लिखित कार्रवाई की मांग करते हुए शव घर ले गए। इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। परिजन पोस्टमॉर्टम कराने के लिए तैयार नहीं हैं।
बेटे की मौत से बेसुध पड़ीं मां
शुभम की मौत से परिवार में मातम छा गया है। मां कंचन देवी बेटे को पुकारते हुए बेसुध हो रही हैं जबकि भाई और बहनें रो-रोकर बेहाल हैं। पिता भी बेटे की मौत से गहरे शोक में हैं।