जायस। वार्ड नंबर 13 चौधराना मुंशीगंज निवासी श्रमिक संजय पासी (35) की मंगलवार देर शाम घर के पास पानी भरे गड्ढे में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों और मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया है कि गड्ढे में पानी भरने और करंट उतरने की जानकारी पहले ही दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
भाई हंसराज के अनुसार संजय मजदूरी कर घर लौट रहा था। मोहल्ले में स्ट्रीट लाइट का केबल बिछाने के लिए सड़क किनारे गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पानी भरा था। आरोप है कि केबल से करंट पानी में उतर रहा था। गड्ढा पार करते समय संजय का पैर पानी में पड़ गया और वह करंट की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंचे लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि गड्ढे में पानी भरने और करंट उतरने की शिकायत पालिका से की गई थी, लेकिन समस्या दूर नहीं कराई गई। सीओ दिनेश मिश्र ने बताया कि परिजनों ने करंट लगने से मौत की जानकारी दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।