सिंहपुर (अमेठी)। गढ़ी महाबल गांव निवासी रामकिशोर गुप्ता (55) की रविवार सुबह आम तोड़ते समय पेड़ से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
गांव के रहने वाले उमेश ने बताया कि उनके पिता रामकिशोर गुप्ता सुबह अपने बाग में आम तोड़ने गए थे। वह जैसे ही पेड़ पर चढ़े, तभी नीचे की एक डाल टूट गई और वह जमीन पर आ गिरे। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उन्होंने दम तोड़ दिया।
रामकिशोर की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, पत्नी यशोमती बेसुध हो गईं। बेटियां कोमल और कंचन रो-रोकर बेहाल रहीं। बड़े बेटे उमेश और अमित की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटा बेटा अविवाहित है। थानाध्यक्ष विवेक सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर कार्रवाई की गई है। यह हादसा है, किसी पर कोई आरोप नहीं है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।