अमेठी के खेरौना में चल रही आंधी से गिरा टेंट। -संवाद
फुरसतगंज (अमेठी)। जायस के सरायमहेश गांव निवासी मोहम्मद मतीन का पुत्र आतिफ (9) शनिवार दोपहर बाद तेज हवा के बीच पेड़ गिरने से दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों में कोहराम मचा है। परिजन पोस्टमार्टम करवाने को तैयार नहीं हैं। पुलिस व राजस्व टीम परिजनों को समझाने की कोशिश में जुटी रही।
मोहम्मद मतीन के मुताबिक बेटा आतिफ शनिवार को घर के बाहर खेल रहा था। दोपहर बाद करीब तीन बजे तेज हवा से पेड़ गिरा तो इसके नीचे बेटा दब गया। ग्रामीणों की मदद से घायल बेटे को बाहर निकाल कर सीएचसी फुरसतगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौत के बाद परिजन अस्पताल से शव लेकर घर पहुंच गए। परिजन पोस्टमार्टम करवाने को तैयार नहीं हैं।
जानकारी के बाद पुलिस व राजस्व टीम परिजनों को समझाते हुए पोस्टमार्टम करवाने के लिए तैयार करने में जुटी रही। इंस्पेक्टर जायस रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। परिजन पोस्टमार्टम करवाने को तैयार नहीं हैं। एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। यदि पेड़ गिरने से बालक की मौत हुई होगी तो दैवीय आपदा के तहत परिजनों को मदद दिलाई जाएगी। बताया कि टीम की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवार को सहायता दिलाई जाएगी।
आंधी से गिरे टेंट, टिनशेड उड़े
अमेठी सिटी। जिले में शनिवार देर शाम तेज धूलभरी आंधी के चलते लोग जहां थे, वहीं सुरक्षित खड़े हो गए। तेज हवा चलने से अमेठी के खेरौना में संपन्न हुए 251 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में लगे टेंट उड़कर गिर गए। गनीमत यह रही कि कार्यक्रम का समापन हो गया था। इसलिए लोगों की भीड़ न के बराबर थी। वहीं, जिले में तेज आंधी के कारण कई पेड़ उखड़ गए। इसके अलावा घरों पर रखे टिनशेड भी उड़कर दूर जा गिरे। जगह-जगह पेड़ गिरने से बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आपूर्ति बाधित हो गई।