भादर (अमेठी)। रामगंज थाना क्षेत्र में एक किशोर ने नादानी में अपनी जान गंवा दी। वह मंगलवार शाम खेत के पास रेलवे ट्रैक पर बैठकर कानों में मोबाइल की लीड लगाकर गाना सुन रहा था। इस दौरान पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
रामगंज थाना क्षेत्र के रगई का पुरवा मजरे त्रिसुंडी गांव निवासी रजत वर्मा का पुत्र ऋतिक वर्मा (17) मंगलवार को प्रतापगढ़ जिले के भगवा चुंगी मुहल्ले में रह रही मौसी के घर से लौटा था। उसने परिजनों को आने की सूचना भी दी, लेकिन घर न आकर लालीपुर स्थित अपना खेत देखने चला गया। खेत देखने के बाद वहां से गुजरने वाले अयोध्या-प्रयागराज रेलवे ट्रैक पर बैठकर कान में लीड लगाकर मोबाइल पर गाना सुनने लगा। इसी बीच अयोध्या-प्रयागराज पैसेंजर ट्रेन पहुंची। चालक ने हार्न भी बजाया, लेकिन कान में लीड लगाए होने के कारण वह समय रहते सचेत नहीं हो पाया और ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रेन के चालक ने कोहंडौर स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी। रेल अफसर ने मेमो के जरिये रामगंज पुलिस को अवगत कराया। रामगंज पुलिस ने ग्राम प्रधान त्रिसुंडी की मदद से परिजनों को मौके पर बुलाकर मृतक की पहचान कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ अजयेंद्र पटेल ने बताया कि ट्रेन से हादसे में किशोर की मौत हुई है। परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। यदि कोई तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का रोकर बुरा हालरजत वर्मा के दो पुत्रों में ऋतिक छोटा था। उसकी मौत की खबर सुनकर मां शिवकुमारी, पिता रजत सहित परिजनों का रोकर बुरा हाल है। बेटे की मौत पर बिलखते हुए शिवकुमारी कह रही थीं कि फोन करके बताया कि घर आ गया हूं, लेकिन खुद तो नहीं आया, उसकी मौत की खबर आ गई। बड़ा भाई धीरज भी गमगीन है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। ढांढस बंधाने के लिए ग्रामीणों का तांता लगा रहा। सबके स्वर से एक ही आवाज आ रही थी कि ऋतिक को आखिरकार मौत बुलाकर खेत ले गई। टैक्सी से उतरने के बाद घर आया होता तो शायद घटना न होती।