अमटाही-शंकरगढ़ मार्ग के निकट मालती नदी पर यहीं बनेगा पुल।
- फोटो : अमटाही-शंकरगढ़ मार्ग के निकट मालती नदी पर यहीं बनेगा पुल।
अमेठी सिटी। भादर ब्लॉक के अमटाही सहित अन्य गांवों की लघु सेतु की मांग जल्द पूरी होगी। अमटाही-शंकरगढ़ मार्ग पर मालती नदी पर पुल निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। 5.74 करोड़ रुपये से पुल निर्माण के साथ पहुंच मार्ग, वैकल्पिक मार्ग सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग पुल निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। पुल बनने से 50 हजार लोगों को 12 किलोमीटर का चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
अमटाही-शंकरगढ़ मार्ग टीकरमाफी बाजार, रामगंज रेलवे स्टेशन और स्वामी परमहंस आश्रम होते हुए कई गांवों को जोड़ता है। पुल बनने से लगभग 20 ग्राम पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा। मालती नदी के दोनों किनारों पर बसे गांवों के लोगों को खेती-किसानी सहित अन्य सुविधाएं मिलेंगी। ग्राम प्रधान सर्वेश सिंह उर्फ रिंकू ने पुल निर्माण के लिए एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह और एमएलसी माननीय गोविंद नारायण शुक्ला उर्फ राजा बाबू को ज्ञापन दिया था। मांग के बाद जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग ने स्थल का सर्वे कराया था। सर्वे के बाद अमटाही-शंकरगढ़ मार्ग पर लघु सेतु, पहुंच मार्ग और सुरक्षा कार्य का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। अब प्रस्ताव को वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के साथ धनराशि जारी हो गई है।
मिलेगी आवागमन में राहत
अमटाही निवासी गोविंद नारायण ओझा ने कहा कि वर्षों के प्रयास के बाद यह स्वीकृति मिली है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। अंबिका मिश्रा ने कहा कि पुल बनने से लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। संगम सिंह ने बताया कि बरसात में आवागमन बंद होने की समस्या अब खत्म होगी। अनूप श्रीवास्तव ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को बल मिलेगा।
12 महीने में पूरा होगा कार्य
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पुल निर्माण का प्रस्ताव मंजूर हो गया है। 12 महीने में मानक के अनुसार पुल का निर्माण पूरा किया जाएगा। इससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।