अमेठी सिटी। जगदीशपुर के मलावां गांव में सात करोड़ रुपये की लागत से नया विद्युत उपकेंद्र बनेगा। ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या दूर करने के लिए जगदीशपुर व अन्य विद्युत उपकेंद्र के उपभोक्ताओं को इस नए विद्युत उपकेंद्र से जोड़ा जाएगा। इससे करीब एक लाख लोगों को सुचारू बिजली मिलेगी।
उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली मिल सके, इसके लिए ऊर्जा निगम की ओर से विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के साथ ही अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। जगदीशपुर सहित अन्य विद्युत उपकेंद्रों पर उपभोक्ता अधिक होने से ओवरलोडिंग व ट्रिपिंग की समस्या गर्मी के दिनों में ज्यादा बढ़ जाती है। इस समस्या को दूर करने के लिए मलावां गांव में नए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की कवायद शुरू कर दी गई है। एक्सईएन अभिषेक कुमार ने बताया कि इस प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र से 50 से अधिक गांवों के उपभोक्ताओं को जोड़ा जाएगा। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।