अमेठी सिटी। गौरीगंज के रामगंज कौहार स्थित सैनिक स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अब आधुनिक सुविधाएं मिलने जा रही हैं। शासन ने स्कूल में बहुउद्देश्यीय हॉल और छात्रावास निर्माण की योजना को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 74 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंपी गई है।
शैक्षिक सत्र 2021-22 में शुरू हुए इस सैनिक स्कूल की स्थापना जिले में अनुशासित और उत्कृष्ट शिक्षा के प्रसार के उद्देश्य से की गई थी। वर्तमान में यहां बड़ी संख्या में छात्र पंजीकृत हैं, लेकिन आवासीय व बहुउद्देश्यीय सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी। इसी को देखते हुए प्रार्थना सह बहुउद्देश्यीय हॉल, छात्रावास भवन और अन्य आधारभूत ढांचे के निर्माण की योजना तैयार की गई है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद छात्रों को न केवल आवास की सुविधा मिलेगी, बल्कि सांस्कृतिक, शैक्षिक और खेलकूद गतिविधियों के लिए भी बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द ही कार्यदायी संस्था का चयन कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समस्त निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कर विद्यालय प्रशासन को हैंडओवर किया जाएगा।