मुसाफिरखाना (अमेठी)। विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति सहित चार लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए सताया जा रहा था। सोमवार को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई।
मोहिउद्दीनपुर निवासी तहसीन का निकाह बीती 17 नवंबर को भद्दौर के मोहम्मद उस्मान से हुआ था। मां परवीन निशा के अनुसार निकाह में सामर्थ्य अनुसार उपहार दिए गए, फिर भी ससुराल वाले नाखुश थे। उन्होंने चार पहिया वाहन न मिलने को लेकर बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। एक सप्ताह से पति उस्मान लगातार दिल्ली से फोन कर दबाव बना रहा था। यह बात तहसीन ने भाइयों को फोन पर बताई थी। सोमवार दोपहर तीन बजे परिजनों को सूचना मिली कि तहसीन ने आत्महत्या कर ली है।
जब वे ससुराल पहुंचे तो शव बेड पर पड़ा था और पंखे में दुपट्टा बंधा हुआ था। परिजनों ने आशंका जताई है कि तहसीन की हत्या की गई है। कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर पति उसमान, ससुर रऊफ, सास एवं जेठानी पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।