मुसाफिरखाना। पूरे पटई मोड़ के पास हाईवे पर बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के बाद पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच तेज कर दी है। हादसे के बाद से चालक का पता नहीं चल सका है। ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हुई थी। टक्कर के बाद बोलेरो खाई में पलट गई, जबकि ट्रक पेड़ से जा टकराया। हादसे में साइकिल सवार जग नारायण (60) की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घायलों को सीएचसी मुसाफिरखाना पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति में कुछ लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान मेहरुलनिशा ने दम तोड़ दिया। जग नारायण के भाई शिव नारायण की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि बोलेरो भी मौके पर खड़ी है। थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।